
नई दिल्ली: केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार, 30 सितंबर 2026 को रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए छह प्रमुख रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दी। गेहूं के MSP में ₹25 प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है, जिसके बाद नया MSP ₹2,610 प्रति क्विंटल होगा।
छह रबी फसलों की MSP में बढ़ोतरी
सरकार के फैसले के अनुसार गेहूं के अलावा जौ, चना, मसूर, रेपसीड-सरसों और कुसुम के MSP में भी इजाफा किया गया है।
- गेहूं: ₹25 बढ़कर ₹2,610 प्रति क्विंटल
- जौ: ₹136 बढ़कर ₹2,286
- चना: ₹83 बढ़कर ₹5,958
- मसूर: ₹390 बढ़कर ₹7,390
- रेपसीड एवं सरसों: ₹413 बढ़कर ₹6,613
- कुसुम: ₹675 बढ़कर ₹7,215 प्रति क्विंटल
कुसुम के MSP में सबसे ज्यादा ₹675 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। सरकार के मुताबिक, MSP में यह बदलाव किसानों को लाभकारी मूल्य देने और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है।
₹1.86 लाख करोड़ के ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर को मंजूरी
कैबिनेट ने ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर फेज-III (GEC-III) को भी मंजूरी दी है। इस योजना का कुल प्रोजेक्ट आउटले ₹1,86,405 करोड़ है। इसका उद्देश्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 135 GW तक नवीकरणीय ऊर्जा की निकासी के लिए ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करना है।
योजना के तहत 50 GWh बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम लगाने का भी प्रावधान है। केंद्र सरकार इसके लिए ₹54,082 करोड़ की वित्तीय सहायता देगी और योजना को वित्त वर्ष 2032-33 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली के लिए भी बड़ा फैसला
कैबिनेट ने दिल्ली में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के लिए करीब ₹1,789.52 करोड़ की परियोजना को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य तकनीक और रियल-टाइम ट्रैफिक डेटा के जरिए दिल्ली की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
